मनमोहन, सोनिया व गडकरी के पुतले फूंके
मेरठ : पदोन्नति में आरक्षण के विरोध में राज्य कर्मचारियों ने सरकारी दफ्तरों में कामकाज नहीं किया, जिस कारण वहां ताला लटका रहा। प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए पांचवे दिन उन्होंने जुलूस निकाला। रास्ते में जहां भी भाजपा के पोस्टर, बैनर व होर्डिग्स दिखाई दिए, उन्हें फाड़ डाला। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, सांसद अरुण जेटली व भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के पुतलों की शव यात्रा निकाली और बेगमपुल पर उन्हें अग्नि के सुपुर्द कर दिया। आंदोलनकारियों ने मानव श्रृंखला बनाकर घंटों बेगमपुल पर जाम भी लगाया। सर्वजन हिताय संरक्षण समिति के बैनर तले चल रहे आंदोलन में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सुबह ही अपने कार्यालयों में ताला जड़ दिया। ऊर्जा विभाग तो पूर्णतया प्रभावित रहा। आइटीआइ के बहुत से कर्मचारी कामकाज छोड़कर बाहर निकल आए। जबरदस्त हंगामा और भाजपा, कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कर्मचारी कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। वहां से उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी व भाजपा सांसद अरुण जेटली के पुतलों की शव यात्रा निकालनी शुरू की। यह जुलूस अंबेडकर चौक, कचहरी रोड, बच्चा पार्क होते हुए बेगमपुल पर पहुंचा। जुलूस दौरान उन्होंने पुतले पर चप्पल आदि भी बजाई। रास्ते में जहां भी भाजपा या कांग्रेस के पोस्टर या बैनर दिखाई दिए, उन्हें आंदोलनकारियों ने फाड़ डाला। बेगमपुल पर उन्होंने पुतला अग्नि के सुपुर्द करने के बाद वहां मानव श्रृंखला बनाई, जिस कारण यहां घंटों जाम लगा रहा। यही हालत जिस मार्ग से भी कर्मचारियों का जुलूस निकला, उनकी रही। दूसरी ओर बेगमपुल पर सभा को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेताओं ने केंद्र सरकार के साथ-साथ भाजपा नेताओं को जमकर कोसा। आज से खुलेंगे कार्यालय : इस समिति से जुड़े सुरेंद्र कुमार ने आरक्षण बिल लोकसभा में पास न होने पर हर्ष जताया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल के कारण जो कामकाज प्रभावित हुआ है, शुक्रवार से वह दुरुस्त होगा।


0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें